उत्तराखंड में यहाँ तलवार लहराकर मुस्लिम समुदाय के खिलाफ भड़काऊ बयान! एक गिरफ्तार, दो महिलाओं की तलाश जारी……..

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक विवादित वीडियो को लेकर पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।

मुस्लिम समुदाय के खिलाफ कथित भड़काऊ बयानबाजी और तलवार लहराने के आरोप में सागर बजरंगी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं वीडियो में नजर आ रहीं दो महिलाओं—सुलेखा और शारदा—की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

15 सेकेंड का वीडियो बना विवाद की वजह
पुलिस के मुताबिक वायरल हुई करीब 15 सेकेंड की क्लिप में तीन लोग हाथों में तलवार लिए दिखाई दे रहे हैं।

वीडियो में कथित तौर पर ये लोग एक विशेष समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक और उकसाऊ बयान देते नजर आ रहे हैं। तलवार लहराते हुए मुस्कुराने और उसकी धार दिखाने जैसे दृश्य भी सामने आए हैं, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।

शिकायत के बाद दर्ज हुई FIR
मामले में कैफ खान की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर थाना कोतवाली नगर में केस दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 196(1)(a) और 299 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

धारा 196(1)(a): धार्मिक आधार पर वैमनस्य फैलाने से जुड़ी
धारा 299: उकसाऊ और अपमानजनक कृत्यों से संबंधित
पुलिस एक्शन मोड में, जांच तेज। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

वीडियो में दिख रही दोनों महिलाओं की पहचान पहले की घटनाओं के आधार पर की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है।

सोशल मीडिया की जांच, निगरानी बढ़ी
देहरादून पुलिस अब वीडियो के मूल स्रोत, रिकॉर्डिंग की तारीख और लोकेशन की जांच कर रही है। साइबर टीम की मदद से यह भी पता लगाया जा रहा है कि वीडियो किन-किन प्लेटफॉर्म्स पर फैलाया गया।

संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग भी तेज कर दी गई है। पुलिस ने साफ कहा है कि सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।