गर्मियों में फ्रिज चलाते समय भूलकर भी ना करें ये गलतियां, वरना बिजली बिल भरते-भरते छूट जाएंगे पसीने……
देहरादून: गर्मी का मौसम अब शुरू हो गया है। ऐसे में फ्रिज का उपयोग भी बढ़ जाता है. सुबह से लेकर रात तक लगातार फ्रिज ऑन ही रहता है. पानी ठंडा करने से लेकर खाना खराब होने से बचाने तक, हर चीज में फ्रिज की मांग बढ़ जाती है. ऐसे में अगर आप बिजली के बिल को तेजी से बढ़ने से रोकना चाहते हैं तो यह गलतियां भूलकर भी ना करें।
गर्मियों में फ्रिज के तापमान को ज्यादा कम करके ना रखें। फ्रिज सेक्शन को 5 से 7°C तक और फ्रीजर को -15 से -18°C तक ही रखें। जरूरत से ज्यादा ठंडा रखने पर बिजली की खपत बढ़ जाती है. कई फ्रिज में मौसम के हिसाब से तापमान सेट करने का ऑप्शन रहता है. आपके यहां जैसा मौसम हो उस हिसाब से तापमान को सेट रखें. जरूरत से ज्यादा कम टेम्प्रेचर रखने से ठंडक में ज्यादा फर्क नहीं पड़ता, लेकिन बिजली बिल जरूर बढ़ जाता है. इसलिए सही तापमान बनाए रखना जरूरी है।
फ्रीजर को बर्फ का गुफा बनाने की जरूरत नहीं है. ज्यादा बर्फ जमने से कूलिंग पर असर पड़ता है. इससे फ्रिज को ज्यादा बिजली खर्च करनी पड़ती है. इसलिए समय-समय पर फ्रिजर को खाली करते रहें. अगर बर्फ की परत लगभग आधा इंच या उससे ज्यादा हो जाए तो उसे साफ कर देना चाहिए। इससे फ्रिज बेहतर तरीके से काम करता है और बिजली की बचत भी होती है।

अपने फ्रिज में कभी भी खूब सारे आइटम ठूस ठूस कर ना रखें. कई लोग फ्रिज को पूरी तरह भर देते हैं. उनको ऐसा लगता है कि यह ठंडा करने के बजाय सामान रखने की जगह बना देते हैं. एकदम अलमारी की तरह उपयोग करते हैं. फ्रिज के अंदर ठंडी हवा को पूरे हिस्से में घूमने के लिए जगह चाहिए होती है. जब फ्रिज में बहुत ज्यादा सामान भर दिया जाता है, तो ठंडी हवा सही तरीके से हर कोने तक नहीं पहुंच पाती। इससे कुछ हिस्से ठंडे रहते हैं और कुछ हिस्सों में कूलिंग कम हो जाती है। इससे कंप्रेसर पर ज्यादा भार पड़ता है और वो ज्यादा बिजली की खपत करता है।

फ्रिज के दरवाजे को बार बार खोलना भी बिजली बिल को बढ़ा देता है. इससे दो कारणों से बिजली बिल बढ़ता है. पहला, गेट खोलने से फ्रिज के अंदर एक बल्ब जलता है। कुछ फ्रिज में यह लगभग 15 वॉट का होता है. कई मॉडल में ज्यादा या कम का भी हो सकता है. जैसे ही गेट खुलता है तो यह जल उठता है. इससे भी बिजली बिल बढ़ सकता है। इसके अलावा, फ्रिज का दरवाजा बार-बार खोलने से अंदर की ठंडी हवा बाहर निकल जाती है और उसकी जगह बाहर की गर्म हवा अंदर चली जाती है. इससे फ्रिज को दोबारा कूलिंग करना पड़ता है। ज्यादा मेहनत यानी बिजली बिल ज्यादा।

फ्रिज को कभी भी दीवार से सटा कर नहीं रखना चाहिए. हमेशा दीवार और फ्रिज के बीच गैप रखें. फ्रिज के पीछे कंप्रेसर और कंडेंसर कॉइल होती हैं. यह दोनों काम करते समय गर्मी पैदा करती है. इस गर्मी को बाहर निकलने के लिए पीछे थोड़ी खाली जगह की जरूरत होती है. अगर फ्रिज दीवार से बिल्कुल सटा हुआ रहता है तो गर्म हवा बाहर नहीं निकल पाती और मशीन के अंदर ही जमा होने लगती है. इससे फ्रिज के पार्ट्स पर दवाब बढ़ता है।

कई लोग खाना बनते ही उसे सीधे फ्रिज में रख देते हैं. यह आदत शाही नहीं है। जब गर्म खाना फ्रिज में रखा जाता है तो उससे निकलने वाली गर्मी की वजह से फ्रिज के अंदर का तापमान अचानक बढ़ जाता है. इससे फ्रिज फिर से तेजी से तापमान को कम करने में लग जाता है. पार्ट्स ज्यादा देर तक काम करते हैं। इससे बिजली की खपत बढ़ जाती है। इसलिए बेहतर है कि खाना पहले कमरे के सामान्य तापमान तक ठंडा होने दें, उसके बाद ही उसे फ्रिज में रखें।



