उत्तराखंड में हेमकुंड, बदरीनाथ और केदारनाथ की चोटियों पर हुई बर्फबारी, यात्रा पर आए श्रद्धालु भी इस मौसम से हुए खुश…..

देहरादून: आज शनिवार को उत्तराखंड के हेमकुंड बदरीनाथ और केदारानाथ की चोटियों पर बर्फबारी हुई है। इससे निचले इलाकों में मौसम ठंडा हो गया है। यात्रा पर आए श्रद्धालु भी इस मौसम से खुश नजर आ रहे हैं।

गोपेश्वर: गर्मी से जहां आम जन जीवन अस्त -व्यस्त हो रहा है। वहीं चमोली जिले में आए दिन दोपहर बाद हो रही बारिश से आमजन को राहत मिल रही है। शनिवार को दोपहर बाद हेमकुंड साहिब व बदरीनाथ की चोटियों में बर्फबारी से क्षेत्र में भी ठंड बढ़ने लगी है। जिससे यात्रा पर आए श्रद्धालु भी इस मौसम से खुश नजर आ रहे हैं।

रुद्रप्रयाग : शनिवार सुबह से केदारनाथ धाम की आसपास की ऊंची पहाड़ियों पर हल्की बर्फबारी हुई है। केदारनाथ धाम में बारिश होने से ठंड बढ़ गई है। जबकि जिला मुख्यालय समेत पूरे जिले में बारिश होने से मौसम काफी ठंडा हो गया।

बारिश देर शाम तक जारी रही। शनिवार को सूर्यदेव ने दर्शन नहीं देने से दिनभर मौसम ठंडा रहा। लगातार हो रही बारिश से केदारनाथ में ठंड बढ़ने से यात्रियों को ठिठुरन का सामना करना पड़ा।

गंगोत्री-यमुनोत्री की ऊंची पहाड़ियों पर हिमपात।
शनिवार को उत्तरकाशी जिला मुख्यालय सहित गंगोत्री व यमुनोत्री धाम में हल्की वर्षा जारी रही। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की ऊंची पहाड़ियों पर जमकर हिमपात हुआ। जिससे धामों में मौसम सुहावना हुआ।

यमुनोत्री की यात्रा के दौरान यात्री बर्फ से ढकी पहाड़ियों को देखकर रोमांचित हुए। शनिवार दिन भर उत्तरकाशी जिला मुख्यालय सहित गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में हल्की वर्षा हुई। यमुनोत्री धाम में तापमान में गिरवाट आने के कारण हल्की बर्फबारी भी हुई। जबकि आसपास की ऊंची पहाड़ी बर्फ की चादर से पूरी तरह से ढकी।
शनिवार को उत्तरकाशी जिला मुख्यालय में अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पौड़ी में दिन भर वर्षा से जन जीवन रहा प्रभावित।
जनपद के भरसार क्षेत्र में दिन भर होती रही वर्षां से जन जीवन प्रभावित रहा। जिससे जून माह में भी दिन भर ठंड का असर देखने को मिला। क्षेत्र में दिन भर बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। विद्युत आपूर्ति बाधित होने से वीटचंद्र सिंह गढ़वाली औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के छात्र छात्राओं को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।