उत्तराखंड में धाकड़ के बाद अब धुरंधर बने धामी, रक्षा मंत्री ने की जमकर सराहना…….

हल्द्वानी: उत्तराखंड सरकार के चार साल पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जमकर सराहना की। उन्होंने धामी को “धाकड़” के बाद अब “धुरंधर धामी” कहकर संबोधित किया।

धाकड़ नहीं, अब धुरंधर धामी”
रक्षा मंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि, “चुनाव के समय मैंने कहा था कि धामी के नेतृत्व में बीजेपी जीत हासिल करेगी और ऐसा ही हुआ। मैंने पहले कहा था ‘हमारे धामी धाकड़ हैं’, लेकिन अब उन्हें ‘धुरंधर धामी’ कहा जाना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड ने कई क्षेत्रों में देश में अग्रणी स्थान हासिल किया है।

उत्तराखंड को बताया ‘देवभूमि’
रक्षा मंत्री ने उत्तराखंड को देवभूमि बताते हुए कहा कि यह आस्था, संस्कृति और तप की भूमि है। उन्होंने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि वे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहते हुए उस समय पद पर थे, जब उत्तराखंड राज्य का गठन हुआ था।

 

वैश्विक संकट पर भी रखी बात
राजनाथ सिंह ने मौजूदा अंतरराष्ट्रीय हालात पर चिंता जताते हुए कहा कि दुनिया इस समय संकट के दौर से गुजर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मानना है कि युद्ध का समाधान युद्ध नहीं, बल्कि संवाद और कूटनीति से संभव है।

ऊर्जा और खाद संकट से बचा भारत
रक्षा मंत्री ने कहा कि वैश्विक संकट के बावजूद भारत को ऊर्जा और उर्वरक संकट से बचाने में प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शिता का बड़ा योगदान है।

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर आज भारत की बात पूरी दुनिया ध्यान से सुनती है।

उत्तराखंड सरकार के चार साल पूरे होने के मौके पर रक्षा मंत्री के इस बयान ने राजनीतिक माहौल को गर्म कर दिया है।

धामी सरकार की उपलब्धियों को लेकर बीजेपी जहां आत्मविश्वास में नजर आ रही है, वहीं आने वाले समय में यह बयान राजनीतिक चर्चा का बड़ा विषय बन सकता है।