उत्तराखंड में आईटीआई टनकपुर की छात्रा लक्ष्मी ने लखनऊ में बढ़ाया प्रदेश का मान, पीएम मोदी ने किया सम्मान………

चंपावत: राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) टनकपुर की प्रशिक्षार्थी केएम लक्ष्मी राणा ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उत्तराखंड का मान बढ़ाया है।

अखिल भारतीय ट्रेड टेस्ट-2026 में अपनी श्रेणी और ट्रेड में बेहतर प्रदर्शन करने पर उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सम्मानित किया। 21 नवंबर को लखनऊ में आयोजित पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में देशभर के 52 मेधावी प्रशिक्षार्थियों को सम्मानित किया गया, जिनमें उत्तराखंड से लक्ष्मी राणा का चयन हुआ।

लक्ष्मी राणा ने फैशन डिजाइन एंड टेक्नोलॉजी ट्रेड में यह उपलब्धि हासिल की है। उनकी सफलता से आईटीआई टनकपुर में खुशी का माहौल है।

संस्थान के प्रधानाचार्य लोकेश चंद्र भट्ट, फोरमैन गिरीश जोशी, राजिंदर कौर और अनुदेशक सुनील कुमार ने उनकी मेहनत और लगन की सराहना करते हुए बधाई दी। संस्थान परिवार ने कहा कि लक्ष्मी की उपलब्धि प्रदेश के युवाओं और संस्थान के अन्य प्रशिक्षार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है।