उत्तराखंड में कांग्रेस और सपा के बीच पहली बार गठबंधन, SP नेता ने बताया कितनी सीटों पर लड़ेगी उनकी पार्टी……..
देहरादून: उत्तराखंड सपा प्रमुख ने यह भी कहा कि अगर यह गठबंधन नहीं हो पाता है, तो पार्टी राज्य की सभी 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार है। उत्तराखंड में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) के बीच सीटों को लेकर समझौता हो गया है।
इस बारे में समाजवादी पार्टी ने शुक्रवार को जानकारी दी और बताया कि वह उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन करके प्रदेश की 70 सीटों में से 30 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। यह पहला मौका है जब राज्य में दोनों पार्टियां एकसाथ चुनावी मैदान में उतरेंगी। सपा ने इसका मकसद भाजपा को हराना बताया है। सपा ने इन तीस सीटों में से 15 को ‘उच्च प्राथमिकता’ वाली सीटों के रूप में चुना है और इसकी सूची पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को सौंप दी है।
समाजवादी पार्टी की उत्तराखंड इकाई के अध्यक्ष अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने गठबंधन को लेकर जारी किए एक बयान में कहा कि राज्य संगठन के नेताओं के साथ बातचीत के बाद 30 विधानसभा क्षेत्रों की एक सूची तैयार की गई है, जिसे राष्ट्रीय नेतृत्व के पास भेज दिया गया है।
‘भाजपा को हराने के लिए विपक्षी दलों का एक होना जरूरी’
सपा प्रदेश प्रमुख ने आगे कहा, ‘यह पहली बार है जब सपा उत्तराखंड में कांग्रेस के साथ गठबंधन करके विधानसभा चुनाव लड़ेगी। क्योंकि मौजूदा राजनीतिक हालात को देखते हुए, भारतीय जनता पार्टी का मुकाबला करने के लिए विपक्षी दलों का एकजुट होना जरूरी है।’ उन्होंने कहा कि ‘भाजपा विरोधी दलों का अलग-अलग चुनाव लड़ना नुकसानदेह साबित हो सकता है।’
‘हम सभी 70 सीटों पर अकेले लड़ने के लिए भी हैं तैयार’
साथ ही सिद्दीकी ने यह भी कहा कि अगर यह गठबंधन नहीं हो पाता है, तो पार्टी राज्य की सभी 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार है। हालांकि इस गठबंधन को लेकर फिलहाल कांग्रेस के किसी नेता की तरफ से किसी तरह की कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल पाई है।
यूपी में अभी गठबंधन को लेकर चल रही है दोनों पार्टियों की चर्चा
बता दें कि उत्तर प्रदेश में भी होने वाले विधानसभा चुनाव के दौरान इन दोनों पार्टियों के एक साथ मिलकर चुनाव लड़ने की चर्चाएं हैं और दोनों के बीच सीट बंटवारे को लेकर अगले कुछ दिनों में बातचीत शुरू होने की संभावना है। दोनों दलों ने सोशल मीडिया पर सीटों की संख्या और कांग्रेस की ओर से सपा को सौंपी गई कथित 181 सीटों की सूची को फर्जी बताते हुए इन अटकलों को खारिज किया है। कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने गुरुवार को ‘पीटीआई-भाषा’ से बात करते हुए कहा था कि सोशल मीडिया पर प्रसारित 181 उम्मीदवारों और निर्वाचन क्षेत्रों की सूची पूरी तरह फर्जी है।


