उत्तराखंड का ऋषिकेश नेशनल लिस्ट में टॉप तीन शहरों में जगह नहीं बना पाया, भारी पड़ा 60 हजार टन कूड़ा………

ऋषिकेश: स्वच्छ सर्वेक्षण में नदी किनारे बसे शहरों की राष्ट्रीय सूची में ऋषिकेश टाप-तीन शहरों में शामिल नहीं हो पाया। गोविंद नगर में जमा कूड़े का पहाड़, गंगा किनारे के घाटों का बहुत अच्छी स्थिति में नहीं होने से शहर रैंकिंग में नहीं आ पाया। करीब 60 हजार मिट्रिक टन कूड़ा गोविंद नगर के प्लाट में जमा है।

बुधवार को स्वच्छ सर्वेक्षण की सूची जारी की गई। इसमें राष्ट्रीय स्तर की विशेष श्रेणियों में स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन में ऋषिकेश रैंकिंग में नहीं आ पाया। नगर पालिका ऋषिकेश के समय से लेकर नगर निगम बनने तक शहर का ठोस अपशिष्ट गोविंद नगर स्थित डंपिंग ग्राउंड में डंप किया जाता रहा है।

बीचों-बीच कूड़े का पहाड़
शहर के बीचों-बीच कूड़े का पहाड़ बन गया। जिसमें डेढ़ लाख टन मिट्रिक टन कूड़ा जमा हो गया। करीब साढ़े छह करोड़ की धनराशि कूड़े को हटाने के लिए मिली थी। एक अगस्त से नगर निगम ने यहां से कूड़ा हटवाना शुरू किया।

शहर में प्रतिदिन निकलने वाला 80 एमटी कूड़ा लालपानी बीट स्थित कूड़ा संयत्र में भेजा जा रहा था। कूड़े से उठने वाली दुर्गंध के कारण स्थानीय लोग विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। इससे वहां कूड़ा नहीं जा रहा है। अब भी कूड़ा गोविंद नगर में डाला जा रहा है।

हरिद्वार में अगले साल होने वाले कुंभ से पहले इस क्षेत्र को कूड़ा मुक्त करने का लक्ष्य रखा गया था। ऋषिकेश भी कुंभ मेला क्षेत्र में शामिल है। 30 नवंबर तक कूड़ा हटाने का लक्ष्य रखा गया था।

अगर कूड़े का पहाड़ शहर के बीच से हट जाता तो इसका लाभ नगर निगम को स्वच्छ सर्वेक्षण में रैंकिंग सुधारने में मदद मिलती। राष्ट्रीय वायु गुणवत्ता कार्यक्रम में भी निगम के अंक बढ़ते। शहर के बीच में कूड़ा डंप होने से सर्वेक्षणों में निगम के अंक कट जाते हैं।

आसपास के लोग रहते हैं परेशान
गोविंद नगर में कूड़े के ढेर के कारण उठने वाली दुर्गंध से वहां से निकलना भी मुश्किल रहता है। आसपास के करीब सात मोहल्ले भी परेशान रहते हैं। गर्मियों में कूड़े में आग लगती है। बरसात में पानी के साथ कूड़ा बहकर सड़कों पर आ जाता है। कूड़ा स्थल से दूर बनखंडी तक लोग परेशान रहते हैं।

घाटों की स्थिति खराब
सर्वेक्षण से जुड़े विशेषज्ञों का कहना है कि गंगा तट पर बने घाटों, श्मशान घाटों की स्थिति भी इसमें देखी जाती है। नगर निगम ऋषिकेश से लेकर नगर पालिका मुनिकीरेती तक के गंगा घाट कई जगह क्षतिग्रस्त है। ऋषिकेश में अब त्रिवेणी घाट पर काम चल रहा है। नगर पंचायत तपोवन और लक्ष्णझूला क्षेत्र में भी घाटों की स्थिति अच्छी नहीं है।

राष्ट्रीय स्तर की रैंकिंग में ऋषिकेश टाप के शहरों में आए इसके लिए प्रयास जारी रहेंगे। गोविंद नगर 60 साठ प्रतिशत कूड़ा उठ गया है। सर्वे के दौरान यहां के पेपर वर्क पूरा होकर टेंडर प्रक्रिया हो गई थी। – शंभू पासवान, महापौर ऋषिकेश