उत्तराखंड में UKD ने 16 सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए, पहली सूची जारी………
देहरादून: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बीच उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) ने भाजपा और कांग्रेस से पहले चुनावी मैदान में उतरते हुए 16 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। शनिवार को देहरादून में आयोजित प्रेसवार्ता में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने फाइव-लेयर सिस्टम के तहत उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की।
यूकेडी की ओर से जारी सूची के अनुसार पिथौरागढ़ से काशी सिंह ऐरी, धारचूला से पुष्पेश त्रिपाठी, देवप्रयाग से पूरन सिंह कठैत, प्रतापनगर से प्रकाश राणा, कर्णप्रयाग से आशीष नेगी और जागेश्वर से दिनेश कुंजवाल को प्रत्याशी बनाया गया है।
इसके अलावा राजपुर से देव चंद उत्तराखंडी, सल्ट से प्रताप सिंह, टिहरी से डीडी पंत, कपकोट से करण चंदोला, काशीपुर से प्रदीप चंद, नानकमत्ता से कैलाश सिंह पांगती, रामनगर से भुवन चंद्र, देहरादून कैंट से राजेंद्र सिंह नेगी, खानपुर से रितु कंडियाल भूयाल और घनसाली से चंदन सिंह राणा को चुनाव मैदान में उतारा गया है।
पार्टी के मुताबिक प्रत्याशियों के चयन में संगठन के प्रति निष्ठा, समर्पण, जनसरोकारों और उत्तराखंड के हितों के लिए किए गए संघर्ष को प्राथमिकता दी गई है। पार्टी ने संकेत दिए हैं कि शेष विधानसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों की दूसरी सूची भी जल्द जारी की जाएगी।
प्रेसवार्ता में यूकेडी नेताओं ने कहा कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव को केवल सत्ता हासिल करने की लड़ाई के रूप में नहीं देख रही है। चुनाव के माध्यम से उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान देखे गए सपनों और प्रदेश के बेहतर भविष्य से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। पार्टी ने वर्ष 1992 के ब्लूप्रिंट के आधार पर प्रदेश के विकास और प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
राज्य गठन के आंदोलन से निकले इस क्षेत्रीय दल के सामने 2027 के विधानसभा चुनाव में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की चुनौती है। पहली सूची में पहाड़ और मैदान, दोनों क्षेत्रों की सीटों को शामिल कर यूकेडी ने प्रदेशव्यापी चुनावी तैयारी का संकेत दिया है। अब पार्टी की दूसरी सूची और घोषित प्रत्याशियों की अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रियता पर राजनीतिक निगाहें रहेंगी।
UKD की पहली सूची में 16 विधानसभा सीटों पर घोषित प्रत्याशी-
धारचूला से पुष्पेश त्रिपाठी
देवप्रयाग से पूरन सिंह कठैत
प्रतापनगर से प्रकाश राणा
कर्णप्रयाग से आशीष नेगी
जागेश्वर से दिनेश कुंजवाल
राजपुर से देव चंद उत्तराखंडी
सल्ट से प्रताप सिंह
टिहरी से डीडी पंत
कपकोट से करण चंदोला
काशीपुर से प्रदीप चंद
नानकमत्ता से कैलाश सिंह पांगती
रामनगर से भुवन चंद्र
देहरादून कैंट से राजेंद्र सिंह नेगी
खानपुर से रितु कंडियाल भूयाल
घनसाली से चंदन सिंह राणा


