उत्तराखंड के निर्दलीय विधायक उमेश कुमार कल देंगे विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा……..
देहरादून: उत्तराखंड विधानसभा का दो दिवसीय सत्र शुरू होने से पहले हरिद्वार की खानपुर विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक उमेश कुमार ने अपनी सदस्यता से इस्तीफा देने की घोषणा की। उमेश कुमार का कहना है कि विपक्ष ने जनता के मुद्दों को उठाने में उनका साथ नहीं दिया।
इसलिए वह इस्तीफा देंगे। उमेश कुमार ने घोषणा की कि वह न कांग्रेस में जा रहे हैं और न भाजपा में। उमेश कुमार ने कहा कि वह कांग्रेस व भाजपा में जाकर उन लोगों की जिंदाबाद के नारे नहीं लगा सकते जो कल तक उनके दरवाजे पर आकर बैठते थे।
उन्होंने कहा कि हरिद्वार में किसानों की फसलें बर्बाद हो गईं। उनके इस मुद्दे के साथ कोई खड़ा नहीं हो रहा है। इसलिए वह बुधवार को विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देंगे। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में किसान और जनहित से जुड़े बड़े मुद्दों पर उन्होंने विपक्ष से सहयोग की उम्मीद की।
लेकिन हर बार निराशा हाथ लगी। उमेश कुमार ने आरोप लगाया कि विपक्ष के आंदोलनों में वह लगातार साथ खड़े रहे, लेकिन जब उनके मुद्दों पर समर्थन की जरूरत पड़ी तो विपक्ष पीछे हट गया।
मंगलवार को सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले विधानसभा परिसर में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में खानपुर विधायक ने कहा कि खानपुर की जनता ने उन्हें निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनकर विधानसभा भेजा।
उन्होंने जनहित और किसानों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया, लेकिन इन मुद्दों पर विपक्ष का अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। उन्होंने कहा कि विपक्ष के धरने-प्रदर्शनों से लेकर विधानसभा के वेल में रात बिताने तक वह उनके साथ रहे, मगर पिछले चार वर्षों में ऐसा कोई दिन याद नहीं आता, जब विपक्ष उनके साथ मजबूती से खड़ा हुआ हो।
उमेश कुमार ने कहा कि बड़े मुद्दों पर उन्होंने उम्मीद के साथ विपक्ष की ओर देखा कि शायद अब उनका समर्थन मिलेगा और सदन में उनकी आवाज को मजबूती मिलेगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसी निराशा के चलते वह इस्तीफा दे रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में जनहित के मुद्दों पर उनके साथ दूसरे जनप्रतिनिधि भी आगे आएंगे।
कांग्रेस में जाने की अटकलों से किया इन्कार
खानपुर विधायक ने कांग्रेस में शामिल होने की अटकलों से इन्कार करते हुए कहा कि वह न तो कांग्रेस में जा रहे हैं और न ही भाजपा में उनकी इन दलों में जाने की कोई योजना नहीं है।


