रागी के आटे से बनाएं हेल्दी कुरकुरे समोसे, स्वाद ऐसा कि मैदे वाले भी लगेंगे फीके………
देहरादून: समोसे का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है. आलू की स्टफिंग वाले गरमा-गरम समोसे चाय के साथ खाने का मजा ही अलग है। लेकिन आप रोजाना मैदे या गेहूं के आटे से बने समोसे खाकर बोर हो गए हैं तो इस बार रागी के समोसे ट्राई कर सकते हैं।
समोसे भारत के सबसे पसंदीदा स्नैक्स में से एक हैं। शाम की चाय हो या घर पर आए मेहमान, गरमा-गरम समोसे खाने का मजा ही अलग होता है। आमतौर पर समोसे मैदे या गेहूं के आटे से बनाए जाते हैं और इनके अंदर आलू की मसालेदार स्टफिंग भरी जाती है। लेकिन आप रोजाना एक ही तरह के समोसे खाकर बोर हो गए हैं तो इस बार कुछ नया ट्राई कर सकते हैं। इसके लिए रागी के समोसे ट्राई कर सकते हैं।
रागी के आटे से तैयार ये समोसे स्वाद में अलग होते हैं और इनमें आलू, मटर, काजू और किशमिश की स्टफिंग इन्हें खास बनाती है। रागी में कैल्शियम और फाइबर जैसे पोषक तत्व भी पाए जाते हैं। आप इन्हें शाम की चाय के साथ परोस सकते हैं या घर आए मेहमानों को भी खिला सकते हैं. आइए जानते हैं घर पर रागी के आटे से समोसे कैसे बना सकते हैं और इसे बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होगी।
ये चाहिए बनाने के लिए सामग्री-
220 ग्राम रागी का आटा
आधा छोटी चम्मच अजवाइन
आधा छोटी चम्मच जीरा
1 हरी मिर्च, बारीक कटी हुई
20 ग्राम किशमिश
आधा छोटी चम्मच हल्दी पाउडर
25 ग्राम उबला हुआ आलू
40 ग्राम उबले हुए मटर
20 ग्राम काजू, कटे हुए
2 खीरे, बारीक कटे हुए
5 ग्राम अदरक, बारीक कटा हुआ
1 मुट्ठी हरा धनिया
1 मुट्ठी पुदीने की पत्तियां
स्वादानुसार नमक
जरूरत के अनुसार पानी
तलने के लिए तेल
रागी के आटे से समोसे कैसे बनाएं।
सबसे पहले एक बर्तन में रागी का आटा छान लें। इसमें थोड़ा पानी डालकर अच्छी तरह मिलाएं, ताकि गांठें न रहें। तैयार मिश्रण को माइक्रोवेव में 30-40 सेकंड तक गर्म करें और फिर ठंडा होने के लिए रख दें। अब इसमें जरूरत के अनुसार थोड़ा और रागी का आटा, अजवाइन और नमक डालकर सख्त आटा गूंथ लें। आटे को कुछ देर ढककर रख दें।
अब समोसे की स्टफिंग तैयार करें। इसके लिए एक कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें और उसमें जीरा डालें। जीरा चटकने लगे तो अदरक, हरी मिर्च, काजू और किशमिश डालकर 1-2 मिनट तक भूनें।
इसके बाद इसमें कटे हुए खीरे, हल्दी पाउडर, उबले मटर और आलू डालकर अच्छी तरह मिलाएं। स्वादानुसार नमक डालें और 3-4 मिनट तक पकाएं। आखिर में हरा धनिया और पुदीने की पत्तियां डालकर मिलाएं। स्टफिंग को ठंडा होने दें।
अब आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं और उन्हें बेलकर अंडाकार आकार दें। इसके बाद इन्हें बीच से काटकर दो हिस्से कर लें। किनारों पर थोड़ा पानी लगाएं और दोनों सिरों को जोड़कर कोन का आकार बनाएं। इसमें तैयार स्टफिंग भरें और किनारों को अच्छी तरह बंद कर दें।
एक कड़ाही में तेल गर्म करें और समोसों को मध्यम आंच पर सुनहरा होने तक तलें। इसके बाद इन्हें टिश्यू पेपर पर निकाल लें, ताकि एक्स्ट्रा तेल निकल जाए। आपके गरमा-गरम रागी के समोसे तैयार हैं। इन्हें हरी चटनी या इमली की चटनी के साथ परोसें।
अगर आप समोसों को तेल में तलने के बजाय कम तेल में बनाना चाहते हैं तो इन्हें माइक्रोवेव के कन्वेक्शन मोड में भी बेक कर सकते हैं। इसके लिए समोसों पर हल्का तेल लगाएं और माइक्रोवेव में सुनहरा होने तक बेक कर लें।
रागी के समोसे क्यों करें ट्राई।
रागी में कैल्शियम और फाइबर जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं जो इसे मैदे वाले समोसे की तुलना में ज्यादा हेल्दी ऑप्शन बनाते हैं। वहीं, समोसों में डाली गई मटर, आलू और दूसरी चीजें इनके स्वाद को बढ़ाती है। अगर आप रोजाना के नाश्ते में कुछ अलग बनाना चाहते हैं तो रागी के समोसे एक बेस्ट ऑप्शन हो सकते हैं।


