उत्तराखंड की राजधानी के दून जू में आएगा सफेद रॉयल बंगाल टाइगर, ग्वालियर गई टीम……..

देहरादून: देहरादून जू में जल्द ही पर्यटकों को सफेद रॉयल बंगाल टाइगर का दीदार होगा। मध्य प्रदेश के साथ स्वीकृत बाघ विनिमय कार्यक्रम के तहत देहरादून जू से एक नर बाघ को ग्वालियर जूलाजिकल पार्क ले जाने के बाद वहां से एक सफेद बाघ को देहरादून लाया जाएगा। इसके लिए देहरादून जू से दल शुक्रवार को ग्वालियर के लिए रवाना हो गया।

वन विभाग के अनुसार, बाघ को निर्धारित प्रोटोकाल के तहत रेस्क्यू वैन में सुरक्षित स्थानांतरित किया गया। पशु चिकित्सकीय परीक्षण और आवश्यक स्वास्थ्य प्रमाणपत्र की प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे ग्वालियर ले जाया जा रहा है। पशु चिकित्सक ने बाघ को स्वस्थ और परिवहन के लिए उपयुक्त प्रमाणित किया है।

दल का नेतृत्व देहरादून उप प्रभागीय वनाधिकारी अभिषेक मैठाणी और वरिष्ठ पशु चिकित्साधिकारी डा. प्रदीप मिश्रा करेंगे। दल में क्षेत्राधिकारी, देहरादून जू के अधिकारी-कर्मचारी, क्यूआरटी सदस्य और कीपर-स्टाफ भी शामिल हैं।

बाघ के परिवहन के लिए रेस्क्यू वैन के साथ एस्कार्ट और सहायक वाहन भी रवाना किए गए हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दल शुक्रवार को देहरादून से रवाना होकर ग्वालियर पहुंचेगा। इसके बाद सोमवार को ग्वालियर जूलाजिकल पार्क से एक सफेद रॉयल बंगाल टाइगर को लेकर देहरादून के लिए वापसी करेगा।

देहरादून जू के निदेशक वैभव कुमार सिंह ने बताया कि बाघ विनिमय कार्यक्रम केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण की स्वीकृति और संबंधित सक्षम अधिकारियों के निर्देशों के अनुरूप किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सफेद बाघ के देहरादून पहुंचने के बाद आवश्यक पशु-चिकित्सकीय व अन्य प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी। इसके बाद इसे जल्द ही आमजन के देखने के लिए प्रदर्शित किया जाएगा।