उत्तराखंड भाजपा में राज्यसभा प्रत्याशी के लिए मंडल संतुलन कसाैटी, आज बैठक, तीन नामों का पैनल चुना जाएगा……….
देहरादून: राज्यसभा की एक सीट के लिए भाजपा के भीतर दावेदारों को लेकर हलचल तेज है। पार्टी आज शुक्रवार को कोर कमेटी की बैठक में तीन नामों का पैनल तैयार करेगी, जिसके बाद तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।
भाजपा का अगला राज्यसभा प्रत्याशी गढ़वाल से होगा या कुमाऊं से आज शुक्रवार को इस पर फैसला होगा। इसके लिए भाजपा कोर कमेटी की बैठक में तीन नामों का पैनल चुना जाएगा। वैश्य समाज के चेहरे के तौर पर पूर्व मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल भी इस पैनल में शामिल हो सकते हैं। भाजपा के कुमाऊं से आखिरी राज्यसभा सांसद भगत सिंह कोश्यारी थे।
इनका कार्यकाल 2008–2014 के बीच था। इसके बाद से कुमाऊं के नेताओं को राज्यसभा सीट पर हिस्सेदारी नहीं मिली है। वर्तमान में महेंद्र भट्ट, डॉ. कल्पना सैनी और नरेश बंसल तीनों राज्यसभा सांसद गढ़वाल के हैं। आगामी विस चुनाव के मद्देनजर गढ़वाल-कुमाऊं को बैलेंस करने पर भी पार्टी का जोर है।
लिहाजा, अब कोर कमेटी ये तय करेगी कि क्या इस बार कुमाऊं का नंबर आएगा। वहीं, नरेश बंसल का कार्यकाल खत्म होने के चलते ये भी देखा जा रहा है कि वैश्य समाज को ही राज्यसभा में प्रतिनिधित्व मिले। बृहस्पतिवार को पूर्व मंत्री व ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की, जिसके बाद से उनका नाम भी चर्चाओं में आ गया है। चर्चाएं इसलिए भी हैं कि प्रेमचंद को विधानसभा चुनाव में टिकट देकर पार्टी अपने लिए कोई मुश्किल पैदा नहीं करना चाहेगी।


