पर्यटक ध्यान दें: उत्तराखंड के नैनीताल में बदला टोल वसूली का तरीका, जाम से मिलेगा छुटकारा………..
नैनीताल: शहर की मालरोड व कालाढूंगी मार्ग से प्रवेश लेने पर अब हाईवे की तर्ज पर फास्टैग से शुल्क वसूली की जाएगी। नगर पालिका के अनुबंधित ठेकेदार ने नई व्यवस्था को शुरू करने के लिए तल्लीताल रिक्शा स्टैंड व बारापत्थर में बूम बैरियर व सेंसर समेत अन्य उपकरण स्थापित कर लिए हैं। एक सप्ताह के भीतर नई व्यवस्था शुरू कर दी जाएगी।
हाई कोर्ट ने नगर पालिका को टोल व पार्किंग में शुल्क वसूली की ऑनलाइन व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए थे। कई माह गुजरने के बाद भी व्यवस्था ऑनलाइन नहीं हो सकी।
फास्टैग व्यवस्था लागू
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की ओर से भी पालिका को इस संबंध में कड़े दिशा-निर्देश दिए गए थे। टोल का ठेका होने के बाद अनुबंधित ठेकेदार ने शुल्क वसूली को फास्टैग व्यवस्था लागू करने की पहल की।
टोल संचालक बुद्धा राजा ने बताया कि फास्टैग लगाने की अनुमति मिलने के बाद बूम बैरियर, सेंसर, नंबर प्लेट ट्रेकर समेत अन्य उपकरण स्थापित कर लिए गए हैं। जिसे एक सप्ताह के भीतर शुरू कर दिया जाएगा। इस व्यवस्था के लागू होने से जाम की समस्या में कमी आएगी।


