उत्तराखंड में काठगोदाम से नैनीताल तक चौड़ी होगी सड़क, 33 करोड़ में मिलेगी 10 गांवों की आठ हेक्टेयर जमीन……..
हल्द्वानी: काठगोदाम से रूसी बैंड (नैनीताल) तक सड़क चौड़ीकरण प्रोजेक्ट को लेकर दस गांवों से जुड़ी 8.3277 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। जमीन हासिल करने के लिए मुआवजे के तौर पर 33.72 करोड़ रुपये का वितरण होना है। एनएच हल्द्वानी डिवीजन के अनुसार पिछले छह माह में सत्यापन के बाद 10.82 करोड़ रुपये ग्रामीणों को दिए जा चुके हैं। पांच करोड़ के मुआवजे से जुड़ी फाइल तैयार हो चुकी है। चिन्हित जमीन में निजी और सरकारी दोनों तरह का स्वामित्व है।
2017 से चल रही कवायद
काठगोदाम से नैनीताल के बीच सड़क चौड़ीकरण को लेकर लंबे 2017 से कवायद चल रही है। सड़क की लंबाई को लेकर कई बार संशोधित प्रस्ताव तैयार करने पड़े। पहले काठगोदाम से नैनीताल तक 34 किमी लंबी सड़क का चौड़ीकरण होता। मगर बाद में इसे रूसी बैंड यानी 26 किमी कर दिया गया।
600.85 करोड़ की अंतिम डीपीआर नोडल देहरादून को भेजी जा चुकी है। वहीं, प्रोजेक्ट के लिए वनभूमि, निजी जमीन के साथ ही सरकारी स्वामित्व से जुड़े हिस्से का अधिग्रहण भी जरूरी था। सर्वे के बाद पता चला कि दस गांवों की आठ हेक्टेयर से अधिक भूमि नाम पर करनी पड़ेगी। प्रोजेक्ट की जद में कई घर और मकान भी आ रहे हैं।
हल्द्वानी डिवीजन के ईई महेंद्र कुमार के अनुसार सत्यापन के बाद पैसा सीधा ग्रामीणों के खाते में पहुंचता है। छह माह के भीतर 10.82 करोड़ रुपये ट्रांसफर हो चुके हैं। काठगोदाम, रानीबाग, मोरा दोगड़ा, डोलमार, ज्योली, चोपड़ा, बल्यूटी, ज्योलीकोट और बेलुवाखान के लोग प्रभावितों की श्रेणी में डाले गए हैं। सर्वे के बाद कुल 217 लोग चिह्नित हुए थे।


