उत्तराखंड के बनतोली में चट्टान टूटने से मोरखण्डा नदी का जलस्तर बढ़ा, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट……….

रुद्रप्रयाग:  रुद्रप्रयाग में लगातार बारिश के बीच बनतोली के समीप चट्टान टूटने से मोरखण्डा नदी में मलबा और पत्थर आने के बाद जलस्तर बढ़ गया। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने नदी किनारे बसे क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाते हुए स्थानीय निकायों को लोगों को अलर्ट करने के निर्देश दिए हैं। आमजन से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने की अपील की गई है।

जनपद में हो रही वर्षा के बीच आज दिनांक 02 सितम्बर 2026 को सायं लगभग 06:03 बजे डीडीआरएफ टीम मद्महेश्वर द्वारा जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र, रुद्रप्रयाग को सूचना दी गई कि बनतोली के समीप चट्टान का कुछ हिस्सा टूटने से मोरखण्डा नदी में मलवा एवं पत्थर आने के कारण नदी का जलस्तर बढ़ गया है। उक्त स्थिति को देखते हुए मन्दाकिनी नदी के जलस्तर में भी वृद्धि की सम्भावना को दृष्टिगत रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा सतर्कता बरती जा रही है।

सूचना प्राप्त होते ही जिला आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए रिन्यू जल विद्युत परियोजना, कुण्ड के अधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया गया है।

आम जनमानस की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र द्वारा नगर पालिका परिषद रुद्रप्रयाग तथा नगर पंचायत तिलवाड़ा, अगस्त्यमुनि एवं ऊखीमठ के अधिशासी अधिकारियों को भी स्थिति की जानकारी दी गई है। संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नदी किनारे एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर निवासरत तथा आवागमन करने वाले लोगों को लाउडस्पीकर के माध्यम से सतर्क करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने आम जनमानस से अपील की है कि नदी-नालों के किनारे जाने से बचें, जलस्तर बढ़ने की स्थिति में विशेष सावधानी बरतें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र को सूचना दें।