उत्तराखंड ऊधमसिंह नगर में भारी बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट, आज सभी स्कूल-आंगनबाड़ी केंद्र बंद
देहरादून: मौसम विभाग की ओर से जारी भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली के अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने ऊधमसिंह नगर में शुक्रवार, 21 अगस्त को सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है। जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष नितिन भदौरिया ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं।
आदेश के अनुसार जिले में संचालित सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालयों में कक्षा एक से 12वीं तक अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों के लिए 21 अगस्त को अवकाश रहेगा। हालांकि विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षणेत्तर कर्मचारी तथा आंगनबाड़ी केंद्रों की सहायिका और कार्यकर्ता अपने-अपने संस्थानों में उपस्थित रहेंगे।
मौसम विभाग ने 20 अगस्त की शाम जारी पूर्वानुमान में राज्य के विभिन्न जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तेज से अति तेज दौर की संभावना जताई थी। पर्वतीय जिलों में लगातार बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ने का भी उल्लेख किया गया है।
विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। जिलाधिकारी ने आदेश का उल्लंघन होने पर आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 51 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की चेतावनी भी दी है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
वहीं नैनीताल में मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन यलो अलर्ट रखा गया है। लिहाजा हल्की से मध्यम बारिश के आसार बने रहेंगे। आपदा नियंत्रण कक्ष के अनुसार बारिश से 15 सड़कें बंद हैं।
इनमें नथुवाखान-गड़गांव, बसगांव-जिनौली-तड़ी-सकदीना, देवली-सुई, ढोलीगांव-धेना, स्यूड़ा-कोंता-ककोड़-हरीशताल, बरेली-अल्मोड़ा-सिरसा, फतेहपुर-बेल, बिनकोट-चंद्रकोट, अंबेडकर ग्राम रिखोली मार्ग, बानना-जंगलियागांव, छड़ा-बेघरनाला, गर्जिया-बेतालघाट-खैरना-ओड़ाखान तथा पटवाडांगर-क्लोनडांगर मोटर मार्ग शामिल है।

