कांवड़ यात्रा में अब गंगा एक्सप्रेसवे व दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर नहीं चलेगी यात्रा, शराब ठेकों पर ये दिया आदेश………..
मेरठ: कांवड़ यात्रा को लेकर एडीजी भानु भास्कर ने जोन के सभागार में अफसरों की बैठक ली। तय हुआ कि पुराने निर्धारित मार्गों से होकर ही कांवड़िये जाएंगे। मांस की दुकानें बंद रहेंगी और शराब के ठेकों के आगे पर्दे लगाएं जाएंगे।
कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां करनी शुरू कर दी है। मंगलवार को एडीजी भानु भास्कर ने जोन के सभागार में अफसरों की बैठक ली। इस दौरान एडीजी यातायात और एडीजी लॉ एंड आर्डर भी मौजूद रहे। उन्होंने अलग-अलग वीडियो कांफ्रेंस कर पूरे जोन के अफसरों को कांवड़ यात्रा की तैयारियां जोरों पर करने के निर्देश दिए। स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा पुराने निर्धारित मार्गों से ही चलेगी। गंगा एक्सप्रेसवे और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे आमजन के लिए खुले रहेंगे। इन पर कांवड़िये नहीं चलेंगे।
एडीजी यातायात ए. सतीश गणेश ने कहा कि सभी स्थानीय अधिकारी बड़े-बड़े मंदिर के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर लें। पार्किंग स्थल को भी चिह्नित कर लें ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी प्रकार की कोई दिक्कत न हो। इसके साथ ही हादसों को रोकने के लिए तय नियमों के अनुसार ही डाक कांवड़ और डीजे कांवड़ होनी चाहिए। डीजे संचालकों के साथ भी बैठक करने के निर्देश दिए। पुलिस कर्मी सादे कपड़ों में कांवड़ मार्ग पर रहेंगे।
एडीजी यातायात ने कहा कि जो भी माहौल खराब करने की कोशिश करे, उसके खिलाफ कार्रवाई करें। इसके अलावा सीसीटीवी व्यवस्था पहले से ज्यादा दुरुस्त करने के निर्देश दिए। एसएसपी ने कांवड़ यात्रा को लेकर सभी थानेदारों को अपने-अपने क्षेत्र में तैयारियां करने के निर्देश दिए हैं। एडीजी लॉ एंड आर्डर अमिताभ यश ने भी दिशा निर्देश दिए।

एडीजी ने कहा कि कांवड़ यात्रा को लेकर यातायात पुलिस रूट डायवर्जन प्लान समय से तैयार कर ले, ताकि किसी को परेशानी का सामना न करना पड़े। एक सप्ताह पहले कांवड़ियों की भीड़ आनी शुरू हो जाती है। ऐसे में कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए पूरा इंतजाम कर लिया जाए। जो भी माहौल खराब करने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
कांवड़ मार्ग पर मीट की दुकान बंद कराई जाए। इसके साथ ही शराब के ठेकों के बाहर पर्दे डाले जाएं। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि पिछले साल के मुकाबले इस बार कांवड़ियों की संख्या में इजाफा होगा, उसको ध्यान में रखते हुए व्यवस्था पहले से और बेहतर करें। जहां-जहां कांविड़यों के लिए शिविर लगाए जाते हैं, वहां का निरीक्षण करने के निर्देश भी एडीजी अमिताभ यश ने दिए हैं। सभी जगह पर पार्किंग एरिया बढ़ा करने के लिए भी कहा गया है।
पुरा महादेव मंदिर और औघड़नाथ मंदिर में समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक करने के निर्देश भी एडीजी ने दिए हैं। जहां-जहां बैरिकेडिंग लगाई जानी है, वह जगह चिह्नित करने के निर्देश भी दिए। जहां-जहां पहले घटना घटित हुई हैं, उन-उन घटना का संज्ञान लेते हुए व्यवस्था बेहतर करने को कहा है।
इस दौरान डीआईजी कलानिधि नैथानी ने उत्तराखंड से लेकर अलीगढ़, गाजियाबाद, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा आदि स्थानों पर जाने वाले कांवड़ यात्रा मार्गों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने रूट मैप प्लान से पूरी कांवड़ यात्रा के बारे में जानकारी दी। एडीजी भानु भास्कर, डीआईजी कलानिधि नैथानी, कमिश्नर भानु चंद्र गोस्वामी, डीएम डा. वीके सिंह, एसएसपी अविनाश पांडेय के साथ-साथ मेरठ और सहारनपुर के आरटीओ भी बैठक में शामिल हुए।


