उत्तराखंड में होटल और पार्किंग पैक, नैनीताल में पर्यटन सीजन चरम पर, मूसलाधार बारिश से मिली राहत………
नैनीताल: सरोवर नगरी का मौसम रविवार को खासा गर्म रहा, जबकि शाम के समय थोड़ी देर मूसलाधार वर्षा हुई। नगर का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। नगर में सुबह के समय धूप खिली हुई थी और मौसम सुहावना बना हुआ था। जैसे जैसे सूर्यदेव आसमान चढ़ते गये, गर्मी भी बढ़ती चली गई। गर्मी से राहत पाने को लोग छांव की शरण में बैठे नजर आए।
दिन का समय उमस भरा रहा तो शाम तीन बजे बाद मौसम में बदलाव आया और वर्षा शुरू हो गई, जो जल्द ही रुक भी गई और मौसम सुहावना हो गया। जीआईसी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस रहा। आद्रता अधिकतम 75 व न्यूनतम 50 प्रतिशत रही।
परवान पर नैनीताल का ग्रीष्मकालीन पर्यटन सीजन
सरोवर नगरी का ग्रीष्मकालीन पर्यटन सीजन परवान पर है। रविवार को 10 हजार से अधिक सैलानी नगर भ्रमण पर पहुंचे हैं। जिसके चलते नगर की रौनक में खासा निखार आ गया है।
पर्यटकों को शटल से शहर भेजा गया
मैदानी भागों में प्रचंड गर्मी से राहत पाने को सैलानियों का सैलाब हर वर्ष उमड़ता है, लेकिन इस बार की भीड़ कुछ ज्यादा ही नजर आ रही है। पर्यटक वाहनों के बढ़ते दबाव को देखते हुए सुबह से ही पुलिस का विशेष यातायात प्लान लागू रहा। रूसी व नारायण नगर में वाहनों को रोक पर्यटकों को शटल से शहर भेजा गया।
25 हजार से अधिक सैलानी पहुंचे
वीकेंड पर गुरुवार शाम से सैलानियों का पहुंचना शुरू हो गया था, जो रविवार शाम तक जारी रहा। पिछले तीन दिन में 25 हजार से अधिक सैलानी नगर भ्रमण पर पहुंच गए, जिनमें सर्वाधिक संख्या रविवार को दर्ज की गई। लेक ब्रिज टोल टैक्स के मुताबिक आज रविवार ढाई हजार से अधिक वाहनों ने नगर में प्रवेश किया है, यह संख्या गत दिवस की तुलना में अधिक है, जबकि होता यह है कि रविवार को शनिवार की तुलना में सैलानी कम पहुंचते है।
होटल और पार्किंग हुए पैक
सैलानियों की संख्या बढ़ने से नगर के अधिकांश होटल पैक हो गए और पार्किंग स्थल पर्यटक वाहनों से पट गई। इस बीच यातायात व्यवस्था रेंगती नजर आई और मस्जिद चौराहा, चिड़ियाघर रोड, हल्द्वानी रोड, भवाली रोड, बिड़ला रोड समेत मालरोड में वाहन रेंगते नजर आए। पार्किंग स्थलों के अभाव के कारण यातायात चरमराया।
इधर नगर के पर्यटन स्थल स्नो व्यू, हिमालय दर्शन, वॉटरफॉल, केव गार्डन, चिड़ियाघर समेत अन्य पर्यटन स्थलों में सैलानियों की भीड़ रही। मालरोड भी पूरी तरह पर्यटकों से भरी रही। नौका विहार करने वालों का पूरे दिन तांता लगा रहा। समीपवर्ती पर्यटन स्थल पंगोट, मुक्तेश्वर, रामगढ़, कैंची धाम, खुर्पाताल, भीमताल और भवाली समेत अन्य पर्यटन स्थलों में भी सैलानियों की भीड़ उमड़ रही है


