उत्तराखंड में नारसन की बेटी काजल सैनी बनीं एसडीएम, सेल्फ स्टडी से पाई सफलता…….

रुड़की: नारसन ब्लाक की ग्राम पंचायत सढौली की बेटी काजल सैनी ने उत्तराखंड पीसीएस-2024 में सफलता हासिल कर एसडीएम पद पर चयनित होकर क्षेत्र का मान बढ़ाया है।

वर्तमान में वह सचिवालय में सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ) के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने अपनी उपलब्धि का श्रेय परिवार, शिक्षकों व निरंतर अध्ययन को दिया है।

काजल के पिता रामकुमार सैनी किसान हैं, जबकि माता राजदुलारी गृहिणी हैं। साधारण किसान परिवार से निकलकर प्रशासनिक सेवा तक पहुंचने की उनकी कहानी क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।

काजल की प्रारंभिक शिक्षा राजीव गांधी नवोदय विद्यालय लंढौरा में हुई। अक्टूबर 2025 में एआरओ के पद पर चयनित होने के बाद भी उन्होंने अपने लक्ष्य को नहीं छोड़ा।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 की उत्तराखंड पीसीएस परीक्षा में वह साक्षात्कार तक पहुंची थीं, लेकिन अंतिम चयन सूची में स्थान नहीं मिल पाया।

काजल का कहना है कि उन्होंने अपनी तैयारी के दौरान सेल्फ स्टडी पर सबसे अधिक भरोसा किया। इंटरनेट मीडिया व अन्य व्यर्थ गतिविधियों से दूरी बनाकर उन्होंने पूरा ध्यान पढ़ाई पर केंद्रित रखा।

उनका मानना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए धैर्य, अनुशासन और निरंतरता सबसे महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने संदेश देते हुए कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो सफलता अवश्य मिलती है।