उत्तराखंड की राजधानी के जनता दरबार में उमड़ी फरियादियों की भीड़, बुजुर्ग उत्पीड़न समेत 201 शिकायतों पर प्रशासन की त्वरित सुनवाई……..
देहरादून: जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशानुसार सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनता दरबार में जनसमस्याओं का अंबार उमड़ पड़ा। संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में भूमि विवाद, अवैध कब्जा, अतिक्रमण, पारिवारिक उत्पीड़न, विद्युत सुरक्षा, आर्थिक सहायता, सामाजिक सुरक्षा और स्कूल फीस माफी सहित विभिन्न विषयों से संबंधित 201 शिकायतें दर्ज की गईं। प्रशासन ने अधिकांश मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए शीघ्र और विधिसम्मत कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बुजुर्गों की पीड़ा पर प्रशासन संवेदनशील
जनसुनवाई में कई बुजुर्ग अपनी पारिवारिक प्रताड़ना और संपत्ति विवाद से जुड़ी समस्याएं लेकर पहुंचे। बीमार बुजुर्ग घनश्याम भंडारी ने बड़े बेटे पर दुकान पर कब्जा करने और मकान हड़पने की कोशिश का आरोप लगाया। वहीं कैंसर से पीड़ित 80 वर्षीय किस्मत सिंह ने बेटी और दामाद पर धोखाधड़ी से जमीन और मकान अपने नाम कराने तथा मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया। दोनों मामलों में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को तत्काल कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
आमवाला निवासी 61 वर्षीय विधवा मुन्नी देवी ने बहू-बेटे पर मारपीट और घर से निकालने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर एसडीएम को भरण-पोषण अधिनियम के तहत वाद दर्ज कराने के निर्देश दिए गए। वहीं गोदम्बरी देवी ने पति द्वारा उत्पीड़न और जीवनयापन के लिए आधी पेंशन दिलाने की मांग की।
हाईटेंशन लाइन और जलभराव पर तत्काल निर्देश
ग्राम खाला क्षेत्र में भूस्खलन के कारण सड़क किनारे झुके हाईटेंशन विद्युत खंभों से उत्पन्न खतरे का मामला प्रमुखता से उठा। प्रशासन ने विद्युत विभाग और नगर निगम को तत्काल सुरक्षात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
राजकीय प्राथमिक विद्यालय किद्दूवाला के भवन के मात्र तीन मीटर ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को बच्चों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा मानते हुए यूपीसीएल को शीघ्र समाधान के आदेश दिए गए।
मोहकमपुर स्थित ज्वाल्पा एन्क्लेव में बरसाती नाले की क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार और पुस्ता के कारण जलभराव की समस्या पर सिंचाई विभाग को त्वरित समाधान करने को कहा गया। भोगपुर निवासी किसान सुरेश चन्द्र ने कृषि भूमि कटाव रोकने के लिए सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग की।
अतिक्रमण और भूमि कब्जे की शिकायतों पर सख्ती
ग्राम सोरना और रुद्रपुर के ग्रामीणों ने सार्वजनिक भूमि पर अवैध अतिक्रमण कर सड़क मार्ग बाधित किए जाने की शिकायत की। ग्राम माजरी में सिंचाई नहर बंद कर भूमि कब्जाने के मामले में एसडीएम को तत्काल जांच कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए।
पेयजल, बिजली और गैस वितरण की समस्याएं भी उठीं
राजकीय इंटर कॉलेज भगद्वारी खाल में पेयजल आपूर्ति और संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त होने की समस्या पर जल संस्थान और जिला पंचायत राज अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। रायपुर निवासी सुभाष चन्द्र गुप्ता द्वारा दूषित पेयजल की शिकायत पर जल संस्थान को स्थलीय निरीक्षण कर समाधान करने को कहा गया।
प्रेमनगर निवासी रमेश सिंह ने जल एवं विद्युत कनेक्शन ट्रांसफर होने के बावजूद 38 हजार रुपये का जल बिल भेजे जाने की शिकायत की। झाझरा स्थित अनिकेत गैस एजेंसी में गैस वितरण अनियमितताओं की जांच पूर्ति अधिकारी को सौंपी गई।
आर्थिक सहायता के लिए भी पहुंचे कई फरियादी
जनता दरबार में आर्थिक सहायता से जुड़े मामलों में भी कई लोग पहुंचे। माधोवाला की मोनिका, अंजली और कुन्ती देवी ने बच्चों की शिक्षा के लिए सहायता मांगी। अनवरी जहां ने पुत्री विवाह, प्रेम सिंह ने मकान मरम्मत तथा रविकांत शर्मा और सुनता सम्मल ने बच्चों की स्कूल फीस माफी के लिए सहायता की गुहार लगाई। संबंधित अधिकारियों को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
अनुपस्थित अधिकारियों पर प्रशासन सख्त
जनसुनवाई के दौरान नगर निगम, पशुपालन, पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब किया।
जनता दरबार में विभिन्न उप जिलाधिकारियों, जिला विकास अधिकारी, मुख्य शिक्षा अधिकारी, तहसीलदार सहित अनेक विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


