उत्तराखंड में आदि कैलाश यात्रा 2026: मई में इस दिन शुरू होगी यात्रा। इनर लाइन परमिट भी होंगे जारी…….
पिथौरागढ़: उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्र में स्थित पवित्र आदि कैलाश और ॐ पर्वत की यात्रा इस वर्ष 1 मई 2026 से शुरू होने जा रही है। मौसम अनुकूल रहने पर प्रशासन ने यात्रा को हरी झंडी देने की तैयारी पूरी कर ली है।
1 मई से जारी होंगे इनर लाइन परमिट
प्रशासन के अनुसार यात्रा के लिए जरूरी Inner Line Permit (ILP) भी 1 मई से जारी किए जाएंगे। यह परमिट धारचूला तहसील या ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त किया जा सकता है।
यात्रा मार्ग सुधार के निर्देश
एसडीएम आशीष जोशी ने यात्रा तैयारियों को लेकर बैठक में संबंधित विभागों को सड़क मार्ग दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।
विशेष रूप से मांगती नाला, एलागाड़, कूलागाड़, नजंग और प्यलसीती जैसे संवेदनशील स्थानों पर मरम्मत कार्य तेज करने को कहा गया है।
गुंजी गांव में पानी की व्यवस्था
ग्राम गुंजी में पेयजल समस्या को देखते हुए सड़क निर्माण कंपनी को प्रतिदिन टैंकर से पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही पेयजल निगम और BRO को भी यात्रा के दौरान सड़क और जल आपूर्ति सुचारु रखने के निर्देश दिए गए हैं।
स्थानीय लोगों को राहत
टैक्सी यूनियन और स्थानीय निवासियों की मांग पर एसडीएम ने सहमति दी कि धारचूला तहसील के निवासियों को आधार कार्ड के आधार पर यात्रा की अनुमति दी जाएगी।
फर्जी परमिट पर सख्ती
पिछले साल फर्जी परमिट के मामलों को देखते हुए प्रशासन ने CSC सेंटर ऑपरेटरों को कड़ी चेतावनी दी है। पकड़े जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
खच्चर संचालकों के लिए निर्देश
यात्रा मार्ग पर खच्चरों के पंजीकरण, टैग और बीमा के लिए पशुपालन विभाग को शिविर लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
कैसे पहुंचे आदि कैलाश ?
रेल: काठगोदाम तक
हवाई मार्ग: पंतनगर एयरपोर्ट या नैनी सैनी एयरपोर्ट
सड़क मार्ग: हल्द्वानी/काठगोदाम → पिथौरागढ़ → धारचूला → गुंजी → कुटी → आदि कैलाश
यात्रा से जुड़ी जरूरी बातें
मई-जून यात्रा के लिए सबसे बेहतर समय
मानसून और सर्दियों में रास्ता कठिन
ऊंचाई वाले क्षेत्र में स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें
नेटवर्क सीमित मिलता है
ॐ पर्वत क्षेत्र में मौसम अचानक बदल सकता है।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने सभी यात्रियों, होमस्टे संचालकों और टूर ऑपरेटरों से साफ-सफाई, सुरक्षा और बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने की अपील की है।


