उत्तराखंड के हल्द्वानी में चार दिन से सिलेंडर नहीं मिला, पिता रहे भूखे और बच्चों को खिलाने पड़े चाऊमीन-मोमो…….
हल्द्वानी: चार दिन पहले सिलेंडर बुक कराया था। अब तक नहीं मिला है। मंगलवार सुबह खाना बनाते-बनाते गैस खत्म हो गई। बच्चों को चाऊमीन-मोमो खिलाए। मेरी माता जी की बरसी चल रही है, इसलिए मैं बाहर का भी खाना नहीं खा सकता हूं। पता नहीं कब सिलेंडर मिलेगा। यह कहना है रमेश सुयाल का।
वह इकलौते नहीं हैं, जिन्हें गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा है। शहर के होटल और रेस्तरां संचालकों को व्यावसायिक सिलेंडर भी मिलने में परेशानी होने लगी है। इससे पर्यटन भी प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।
मध्य पूर्व में चल रहे ईरान और इजरायल व अमेरिका युद्ध के कारण तेल और ऊर्जा की आपूर्ति प्रभावित हो गई है। जिले में गैस सिलेंडर के 3.60 लाख घरेलू और 8,146 व्यावसायिक कनेक्शन हैं। जबकि 2500 से ज्यादा पंजीकृत होटल और रेस्तरां में रोजाना लगभग 700 व्यावसायिक सिलेंडरकी जरूरत पड़ती है। ऐसे में पर्यटन के लिहाज से महत्वपूर्ण जिले में व्यावसायिक सिलेंडर की आपूर्ति जल्दी बहाल नहीं हुई तो आने वाले दिनों में बड़ा संकट पैदा हो सकता है।
मंगलवार को होटल और रेस्तरां संचालकों को 19 किलो वाले व्यावसायिक सिलेंडर नहीं मिले। होटल एवं रेस्तरां संचालकों ने बताया कि सभी गैस वितरक आइओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल व्यावसायिक सिलेंडर की आपूर्ति नहीं कर पा रहे हैं। इस कारण उन्हें कारोबार करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर जिन होटलों और रेस्तरां में पार्टी आदि की बुकिंग थी, उन्हें तंदूर की संख्या बढ़ानी पड़ी।
उधर, घरेलू उपभोक्ताओं ने भी बताया कि इंडेन गैस का बुकिंग नंबर अस्थायी रूप से बंद आ रहा है। इस कारण उन्हें सिलेंडर की बुकिंग करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं कुछ घरेलू उपभोक्ताओं ने बताया कि चार दिन बाद भी सिलेंडरकी आपूर्ति नहीं हो रही है।
लोग बोले…
सुबह से कई बार व्यावसायिक सिलेंडर मंगाने की कोशिश की, लेकिन आपूर्ति नहीं हो पाई। एक पार्टी की बुकिंग थी। ऐसे में आयोजन के लिए तंदूरों की संख्या बढ़ानी पड़ी। – हर्षवर्धन पांडे, कैटरिंग कारोबारी
शहर में प्रतिदिन करीब 300 व्यावसायिक सिलेंडर की खपत होती है। इनमें ठेले वाले भी शामिल हैं। अगर आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो छोटे कारोबारियों का काम ठप हो जाएगा। – योगेश शर्मा, नगर अध्यक्ष, प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल
शहर में 300 से ज्यादा पंजीकृत होटल और रेस्तरां हैं। व्यावसायिक सिलेंडर नहीं मिल रहा है। यह नौबत तीन-चार दिन और चली तो कारोबारियों के लिए बड़ा संकट पैदा हो जाएगा। – पंकज जायसवाल, नगर अध्यक्ष, होटल एवं रेस्तरां एसोसिएशन
मैंने चार दिन पहले इंडेन का घरेलू सिलेंडर बुक कराया था, लेकिन अब तक नहीं मिला है। घर पर गैस खत्म हो गई है। आज चाऊमीन-मोमो खरीदकर बच्चों को खाना खिलाया। – रमेश सुयाल
जिले में एलपीजी की किल्लत नहींः एडीएम
घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी की शिकायतों के संबंध में जिलाधिकारी के निर्देशों के बाद मंगलवार को तहसील परिसर एनआइसी कक्ष में अपर जिलाधिकारी प्रशासन विवेक राय ने बैठक की। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जिले में एलपीजी की किल्लत नहीं है। मांग के अनुरूप गैस कंपनियां गैस की आपूर्ति कर रही हैं। उन्होंने गैस की कालाबारी रोकने के लिए चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए।


