अब दाल-चावल और पुलाव भूल जाएं, इस तरह बनाएं रसम-राइस घर पर, सब खाएंगे चाव से……..

देहरादून: जब कुछ भी किचन में न हो और कुछ अलग खाने का मन हो, घर पर आसानी से बनाएं रसम-राइस. जानें इसको बनाने की आसान रेसिपी। अगर रोज-रोज दाल-चावल या पुलाव खाकर मन ऊब गया है, तो आप अपने अब स्वाद में थोड़ा बदलाव लाएं। घर पर बनाएं रसम-राइस। यह एक ऐसा डिश है जो न केवल स्वादिष्ट है, बल्कि पेट के लिए भी हल्का और फायदेमंद होती है. इस डिश को एक बार खाने के बाद दोबारा बनाने का मन जरूर करेगा। इसको घर पर आसानी से बनाया जा सकता है. खास बात यह है कि इसे बच्चे भी आसानी से खा लेते हैं और बड़ों को भी यह खूब पसंद आता है।

क्यों पसंद किया जाता है रसम-राइस
रसम-राइस सिर्फ स्वाद के लिए नहीं, बल्कि सेहत के लिहाज से भी अच्छा माना जाता है। इसमें इस्तेमाल होने वाले मसाले और इमली पेट और पाचन को अच्छा रखते हैं। गर्मियों के मौसम में जब तेल मसाला खाने का मन नहीं होता या सर्दियों में जब चटपटा खाने का मन हो, तब इसको आसानी से बनाएं. यही कारण है कि अब हर जगह के लोग इसे रोजमर्रा के खाने में शामिल करने लगे हैं।

रसम बनाने का सामान-
पके हुए टमाटर – 2
इमली – एक छोटी गोली
पानी – 3 कप
नमक – स्वाद अनुसार
हल्दी पाउडर – आधा छोटी चम्मच
ऐसे बनाएं रस्म का मसाला
साबुत धनिया – 1 छोटी चम्मच
काली मिर्च – 6-7 दाने
जीरा – आधा छोटी चम्मच
सूखी लाल मिर्च – 1
इन सभी मसालों को बिना तेल में भूनकर दरदरा पीस लें.

ऐसे बनाएं रसम का तड़का-
घी या तिल का तेल – 1 छोटी चम्मच
राई – आधी छोटी चम्मच
करी पत्ता – 8 से 10 पत्ते
हींग – एक चुटकी
सूखी लाल मिर्च – 1

रसम बनाने का तरीका-
इमली को गुनगुने पानी में भिगोकर उसका रस निकाल लें और इसे अलग रख दें।
एक बर्तन में टमाटर को हाथ से अच्छे से मैश करें। इसमें इमली का पानी, नमक और हल्दी डालें। अब इसे धीमी आंच पर रखें और हल्का उबाल आने दें।
जब रसम से खुशबू आने लगे और झाग बनने लगे, तब तैयार किया हुए मसाला डालें। ध्यान रखें कि रसम को तेज उबाल नहीं देना है।
अलग पैन में घी या तिल का तेल गरम करें।
उसमें राई डालें और उसे चटकने दें।
फिर करी पत्ता, सूखी लाल मिर्च और हींग डालें।
इस तड़के को सीधे रसम में डाल दें।
लास्ट स्टेप, ऊपर से ताजी हरी धनिया की पत्तियों को डालें और गैस बंद कर दें। ढककर 2 मिनट छोड़ दें ताकि खुशबू अच्छी रसम में बस जाए।

रसम का चावल बनाने का तरीका
रसम-राइस का असली मजा तभी आता है जब चावल ठीक से पके हों। चावल न ज्यादा गीले हों और न ही कड़े। नरम और खिले हुए चावल इस डिश के लिए सबसे अच्छा माना जाता है. चावल को खिला-खिला बनाने के लिए चावल पकाते वक्त नींबू का रस डाल दें। इससे चावल अच्छे और खिले-खिले बनते हैं।